सागर : बंडा थाना क्षेत्र के कंदवा में शादी के एक माह बाद ही बहू ने चाचा ससुर को चाकू घोंप दिया। चाचा ससुर को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। आरोपित बहू पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार दमोह निवासी 45 वर्षीय चक्रेश पिता पिता हरीशचंद जैन ने बंडा थाना क्षेत्र के बरा पुलिस चौकी के ग्राम कंदवा निवासी अपने भतीजे अंशुल की शादी पिछले माह 23 नवंबर को पथरिया जिला दमोह निवासी 23 वर्षीय रितु जैन से की थी। रात में बहू रितु ससुराल में विवाद करने लगी। विवाद के दौरान सुसराल वालों ने घर में पुलिस को बुला लिया। समझाइश के बाद पुलिस वहां से चली गई, फिर रात करीब दो बजे जब सभी सो रहे थे, तब रितु ससुर के कमरे में आई और सब्जी काटने वाला चाकू उसके पेट में घोंप दिया। चाकू लगने से जख्मी हुए चक्रेश चीखने लगे।
उसकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए। उन्होंने देखा तो चक्रेश बिस्तर पर लहूलुहान हालत में पड़े हुए थे। चक्रेश को परिजन तुरंत बंडा स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए डाक्टरों ने उन्हें सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। शाम सात बजे तहसीलदार ने अस्पताल पहुंच कर घायल चक्रेश के बयान दर्ज किए। चाचा ससुर ने बताया कि शादी के बाद से ही रितु ससुराल वालों को परेशान कर रही थी।
वह झूठे केस में लगातार फंसाने की धमकी दे रही थी। जमीन व अन्य संपति अपने नाम करने का दवाब बना रही थी। बरा चौकी में आरोपित बहू के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल चक्रेश की हालत स्थिर बताई जा रही है।