होम / नीमच के जंगल में शिकारियों ने फंदा लगाकर किया तेंदुए का शिकार, संदिग्ध से की जा रही है पूछताछ

नीमच के जंगल में शिकारियों ने फंदा लगाकर किया तेंदुए का शिकार, संदिग्ध से की जा रही है पूछताछ

• LAST UPDATED : January 20, 2023

नीमच: गांधीसागर अभ्यारण्य के आसपास अब शिकारियों की आमद होने लगी है। शिकारियों ने फंदा लगाकर तेंदूए का शिकार कर डाला। नीमच जिले का वन विभाग अमला मृत तेंदूए का पोस्टमार्टम कराने के बाद औपचारिकता निभाने में जुटा है। एक तरफ जहां मध्यप्रदेश के जंगलों में चीतों जैसे वन्य प्राणियों की बसाहट की जा रही है। वहीं वन विभाग की लापरवाही के चलते शिकारी, जंगली जानवरों को अपना निशाना बना रहे हैं। नीमच जिले के रामपुरा का वन क्षेत्र गांधी सागर अभ्यारण्य से लगा है। गांधीसागर अभयारण्य को तेंदुओं के लिए सुरक्षित माना गया है।

पूर्व में यहां पर भी तेंदुओं की बसाहट की तैयारी की जा रही थी। जबकि बीती रात में नीमच जिले की सीमा में इसी अभ्यारण्य से लगे अमरपुरा के समीप अज्ञात व्यक्तियों द्वारा फंदा लगाकर तेंदुए का शिकार किया गया, जिसके चलते तेंदुए की मौत हो गई।

मृत तेंदुए का करवाया गया पोस्टमार्टम

सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार अमरपुरा से केदारेश्वर जाने वाले मार्ग पर स्थित मणिक कृषि फार्म के पास अज्ञात व्यक्तियों द्वारा रात में फंदा लगाया गया था जिसमें एक तेंदुआ फस गया और उसकी मौत हो गई। वन विभाग ने मौके पर पंचनामा बनाया एवं मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाया गया। खोजबीन एवं पूछताछ के बाद अधिकारियों द्वारा शक के आधार पर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए विभाग के कार्यालय भी लाया गया है। खास बात यह है कि वन्य प्राणी की हत्या हो जाने के बाद वन विभाग के अधिकारी इस बारे में जानकारी तक देने से बचते नजर आए।

इस इलाके में बहुतायत में हैं तेंदुए

गौरतलब है कि मंदसौर जिले की सीमा में गांधीसागर बांध के आसपास अभ्यारण्य है जहां वन्य प्राणियों के काफी अनुकूलता है। इस इलाके में तेंदुए बहुतायत में हैं। प्राकृतिक संसाधनों की अनुकूलता के कारण ही यहां तेंदुओं की बसावट की संभावना तलाशी गई थी। यह वनक्षेत्र नीमच जिले की सीमा तक फैला है। बावजूद इसके नीमच जिले का वन विभाग गंभीर नहीं है।

ADVERTISEMENT

लेटेस्ट खबरें

ADVERTISEMENT
mail logo

Subscribe to receive the day's headlines from India News straight in your inbox