India News (इंडिया न्यूज़), MP, CG, Rajasthan Election 2023: राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी अभियान जोर-शोर से चल रहा है। कांग्रेस-भाजपा के बीच एक दूसरे पर आरोप मढ़ने का काम भी चल रहा है। दोनों पार्टियां ही जनता को अपने पाले में करने की पूरी कोशिश में लगीं हैं। इसके लिए सभी दल लोकलुभावने वादे कर रहे हैं। कोई विकास के नाम पर तो कोई अपनी जन हितैषी योजनाओं के नाम पर जनता से वोट को मांग रहा है। तीनों राज्यों में कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधी टक्कर है। वहीं बसपा, सपा, आप जैसी पार्टियां इनका खेल बिगाड़ सकती हैं। ये पार्टियां उतना अच्छा प्रदर्शन तो न कर सकें लेकिन इन दोनों पार्टियों के वोट बैंक में सेंध जरूर लगाएंगी।
महू कांग्रेस के पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार को आने वाले मध्य प्रदेश चुनाव लड़ने के लिए टिकट नहीं दिए जाने पर उनके समर्थकों ने इंदौर में विरोध प्रदर्शन किया। दरबार ने कहा, पार्टी से यह जवाब मांगने के लिए महू में विरोध प्रदर्शन किया गया कि 27 दिन पहले ही कांग्रेस में शामिल होने के बाद राम किशोर शुक्ला को टिकट क्यों दिया गया। यह कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का अपमान है। वह 20 साल से भाजपा में थे। भाजपा ने मुझसे संपर्क नहीं किया है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘यह वही कांग्रेस पार्टी है जिसने जातीय जनगणना के आंकड़े नहीं दिए थे। यह एक ‘चमत्कार’ है क्योंकि अब हर कोई जानता है कि जब तक आपके पास पिछड़ी जातियों का समर्थन नहीं होगा तब तक आप सफल नहीं होंगे। यह एक चमत्कार है कि अब कांग्रेस पार्टी जातिगत गणना चाहती है। कांग्रेस पार्टी को अब पता चल गया है कि जिस वोट की उन्हें तलाश थी वह अब उनके पास नहीं है।’