होम / Kuno में मिला खजाना!: खुदाई में मिले प्राचीन सिक्के

Kuno में मिला खजाना!: खुदाई में मिले प्राचीन सिक्के

• LAST UPDATED : October 22, 2022

MP NEWS: मध्य प्रदेश का कूनो नेशनल पार्क एक बार फिर फिर चर्चा में है। पर इस बार चर्चा का कारण नामीबियाई के चीते नहीं, बल्कि जमीन में गड़ा खजाना मिलने की बात है। पार्क की खुदाई में गुरुवार को 42 पुराने सिक्के मिले हैं। प्रशासन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। इधर पालपुर राजघराने के वंशज ने थोड़े ही सिक्के बताने का आरोप लगाया है।

पार्क में खुदाई के दौरान 42 प्राचीन सिक्के मिले

जानकारी के अनुसार कूनो पार्क में खुदाई के दौरान 42 प्राचीन सिक्के मिले हैं। ये सिक्के क्वीन विक्टोरिया, ग्वालियर रियासत और मुगलकालीन बताए जा रहे हैं। 42 में से 35 सिक्कों पर तो फारसी में कुछ लिखा बताया जा रहा है। पांच सिक्के क्वीन विक्टोरिया के समय 1840 के हैं। शेष दो सिक्कों पर ग्वालियर रियासत लिखा पाया गया है, जो तांबे जैसी धातु वाले हैं।

पार्क के अंदर पालपुर राजघराने की पुरानी गढ़ी

श्योपुर के पुलिस अधीक्षक आलोककुमार सिंह का कहना है कि पार्क के अंदर पालपुर राजघराने की पुरानी गढ़ी बनी हुई है। यहां खुदाई की जा रही थी। इस दौरान पुराने सिक्के मिले हैं। इनकी संख्या 42 बताई गई है, वहीं वजन 480 ग्राम है। सेसईपुरा थाना पुलिस ने इन्हें जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोर्ट में चल रहा है,कूनो की जमीन का मामला

इधर पालपुर रियासत के वंशज गोपाल सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि कूनो की जमीन का मामला कोर्ट में चल रहा है तो विभाग ने वहां खुदाई कैसे करा दी। वन विभाग ने मजदूरों से छीनकर थोड़े सिक्के जब्त दिखाए हैं। असल में किसी को जानकारी नहीं है कि कितना खजाना मिला है। एक बात और कि वन विभाग ने गुरुवार को खुदाई की थी। जबकि इसकी जानकारी 24 घंटे बाद पुलिस को दी। गुरुवार को मुझे जानकारी मिल गई थी। मैं तुरंत पार्क पहुंच गया था, लेकिन अंदर ही नहीं जाने दिया।